वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर स्थित विश्वप्रसिद्ध संत रविदास मंदिर में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जिस समय आग लगी, उस वक्त मंदिर परिसर में सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन–पूजन कर रहे थे। अचानक मंदिर से धुआं उठने लगा, जिसे देख श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्काल लंका थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही लंका थाना प्रभारी राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

आग तेजी से फैल रही थी, जिससे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस, फायर ब्रिगेड और मंदिर के सेवादारों की संयुक्त कोशिशों से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे, जिन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

मंदिर प्रशासन के अनुसार समय रहते सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। कुछ सेवादार आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण प्रारंभिक स्तर पर उस पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो गया था।

भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आग मंदिर के एक कमरे तक सीमित रही और फायर ब्रिगेड की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *