वाराणसी। बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम ने सुसुवाही वार्ड नंबर-39 में विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। वार्ड के पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उद्देश्य से एंटी लार्वा दवा का नियमित छिड़काव भी कराया जा रहा है।

सुसुवाही से देव नगर कॉलोनी तक चला सफाई अभियान

शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने सुसुवाही, हैदराबाद गेट, अखरी चौराहा, अखरी बाईपास, जंगमपुर, महामनापुरी और देव नगर कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। हैदराबाद गेट पर हॉपर मशीन से कूड़ा उठान कराया गया, जबकि खाली पड़े प्लॉटों से कूड़ा-कचरा और झाड़ियों को हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।

खाली प्लॉटों और मुख्य मार्गों पर एंटी लार्वा छिड़काव

अभियान के तहत वृंदावन अपार्टमेंट के समीप स्थित खाली प्लॉट, हरिवंश क्लीनिक के सामने का भूखंड तथा देव नगर कॉलोनी के खाली प्लॉटों की विशेष सफाई कराई गई। वहीं सुसुवाही – जंगमपुर मार्ग, हैदराबाद गेट और महामनापुरी के प्रमुख रास्तों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कर मच्छरों के प्रजनन को रोकने का प्रयास किया गया।

डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता पर भी जोर

पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए नगर निगम के सहयोग से प्रतिदिन सुबह से शाम तक सफाई अभियान और एंटी लार्वा छिड़काव कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प से प्रेरित होकर वार्ड में लगातार स्वच्छता और विकास कार्य किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाना है।

क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील

पार्षद ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, खाली स्थानों पर कूड़ा न डालें और कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि रुके हुए पानी में मच्छर तेजी से पनपते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बना रहे और नागरिक डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रह सकें।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *