वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल में शनिवार को आयोजित ‘अलंकरण समारोह-2026’ गरिमा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राजेश राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ समन्वयकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
समारोह का उद्देश्य विद्यालय के चारों सदनों के पदाधिकारियों, विभागाध्यक्षों तथा विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए चयनित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का अलंकरण करना था। छात्रा अर्पजा एवं उनके साथियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जबकि कनिष्ठ समन्वयक ने अतिथियों का स्वागत किया।

विद्यालय के चारों सदनों के प्रभारी भी घोषित किए गए। एस.सी. बोस हाउस का दायित्व धर्मराज पटेल एवं अनुराधा जोशी, शिवाजी हाउस का आनंद तिवारी एवं सरिता सिंह, लक्ष्मीबाई हाउस का अमित सेठ एवं पूनम वर्मा तथा सरोजनी नायडू हाउस का रघुवंश प्रकाश एवं प्रियंवदा राय को सौंपा गया।
छात्र नेतृत्व के लिए हर्ष विश्वकर्मा को हेड बॉय और तान्या विश्वकर्मा को हेड गर्ल चुना गया। वहीं कृष्णा, ओम, वत्सुल और आराध्या को चारों सदनों का हाउस कैप्टन नियुक्त किया गया। इसके अलावा ऋषभ, शगुन, प्राची, शौर्य, निक्षेत, आंतिका, गर्विता, सुमन और मानवी सहित अन्य छात्र-छात्राओं को काउंसिल सदस्य के रूप में बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्षों एवं विभागीय प्रभारियों को भी उनके दायित्व सौंपे गए। मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य ने सभी पदाधिकारियों को बैज एवं पद-चिह्न प्रदान किए। खेल शिक्षक मृत्युंजय शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने अपने संबोधन में कहा कि “नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन और सामूहिक विकास का माध्यम है।” उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं एवं प्रभारियों को अनुशासन, सेवा-भाव और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ विद्यालय की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित छात्र परिषद और विभिन्न प्रभारियों के नेतृत्व में विद्यालय नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा।
