रिपोर्ट – मुकेश द्विवेदी

सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ‘हर घर जल नल’ योजना में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने पैदल मार्च निकाल कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और योजना की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

“पाइप बिछी पर प्यासे हैं ग्रामीण” सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार के विकास दावों पर प्रहार करते हुए कहा कि जिले के मारकुंडी, कनपानी और टोला नगवा समेत दर्जनों गांवों में पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन घरों तक पानी की एक बूंद नहीं पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि: कई क्षेत्रों में पानी की टंकियां सफेद हाथी साबित हो रही हैं।

चोपन, कोन, नगवा और म्योरपुर ब्लॉक के ग्रामीण आज भी हैंडपंपों का फ्लोराइड युक्त दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।

योजना के प्रचार-प्रसार और वाल पेंटिंग के नाम पर करोड़ों रुपयों का बंदरबांट किया गया है।

जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर सवाल प्रदर्शन के दौरान सपा नेता अनीता बैगा ने कहा कि शुद्ध पेयजल न मिलने के कारण ग्रामीण और बच्चे लगातार बीमार हो रहे हैं, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधि और मंत्री इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं, मनीष त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि भाजपा की योजनाएं धरातल के बजाय केवल कागजों और विज्ञापनों तक सीमित होकर रह गई हैं।

उच्चस्तरीय जांच की मांग और चेतावनी कार्यक्रम का संचालन अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया। प्रदर्शन में शांति गौण, अमरावती, अंकित अग्रहरि, रमाशंकर खरवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि:

“यदि जल्द ही जल जीवन मिशन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और ग्रामीणों को शुद्ध पानी नहीं मिला, तो समाजवादी पार्टी पूरे जिले में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *