वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर संकट मोचन फाउंडेशन और मदर्स फॉर मदर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्रांति को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान का शुभारंभ संकट मोचन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के तहत नगवा स्थित तुलसी विद्या निकेतन परिसर में छात्र-छात्राओं की सहभागिता के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसके बाद संकट मोचन मंदिर परिसर में औषधीय, छायादार एवं पारंपरिक महत्व के वृक्षों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। छात्रों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में प्रो. एस. एन. उपाध्याय, प्रो. एन. के. दुबे, अदिति मिश्रा, सुमेधा मिश्रा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य एस. एन. श्रीवास्तव सहित शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *