वाराणसी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: चांदी लूट के दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, SOG प्रभारी भी जख्मा 

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से चांदी लूटकर फरार हो रहे बदमाशों और पुलिस के बीच सोमवार देर रात लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी के साथ चांदी लूट की घटना की सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। सीसीटीवी और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों का पीछा किया गया। पीछा करते हुए पुलिस टीम लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर के पास पहुंची, जहां खुद को घिरता देख बदमाशों ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान बदमाशों की गोली एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए।

घटना की सूचना पर एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से करीब चार किलो चांदी, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।

एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। उनसे लूट की घटना में शामिल अन्य आरोपियों, गिरोह के नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

मुठभेड़ के बाद लौटूबीर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच में जुटी है। वहीं, घायल बदमाशों और एसओजी प्रभारी का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *