यूपी में ‘हम’ के बिना नहीं बनेगी किसी दल की सरकार, 125 सीटों पर पार्टी तय करेगी सत्ता की चाबी: रघु मिश्रा
यूपी विधानसभा को लेकर पटना में बनी रणनीति
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पटना के होटल पनाश में आयोजित हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की करीब 125 विधानसभा सीटों पर ब्राह्मण, मांझी, बिंद और निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। इन सीटों पर पार्टी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराकर प्रदेश में सत्ता की चाबी अपने हाथ में लेगी।
रघु मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीतिक जमीन इस समय बेहद उपजाऊ है। उनके मुताबिक, जिन सीटों पर इन समुदायों के मतदाता प्रभावी हैं, वहां चुनावी परिणामों पर उनका निर्णायक असर पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में किस दल की सरकार बनेगी, यह तय करने में ‘हम’ पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि मांझी, बिंद और निषाद समाज के लोगों की पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी में आस्था है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक इन वर्गों के नाम पर राजनीति करने वाले दलों ने उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। रघु मिश्रा ने कहा कि यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में पार्टी यूपी में मजबूती से चुनाव मैदान में उतरती है तो विधानसभा और उच्च सदन में पार्टी अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगी।
ब्राह्मण समाज को लेकर भी रघु मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के पारंपरिक राजनीतिक दलों से यह समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल ब्राह्मणों का वोट तो लेते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं देते। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने एक ब्राह्मण नेता को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी देकर समाज को सम्मान देने का संदेश दिया है।
बैठक में पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं केंद्रीय MSME मंत्री जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. अनिल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कमाल परवेज समेत विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उत्तर प्रदेश में संगठन के व्यापक विस्तार का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। इसके साथ ही जीतन राम मांझी के भी यूपी में लगातार कार्यक्रम और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। पार्टी नेतृत्व का दावा है कि इन गतिविधियों के जरिए ‘हम’ उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी
