रिपोर्ट – पवन आज
मुगलसराय। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में शनिवार को काली माता मंदिर, आलूमील नईबस्ती (वार्ड नंबर-3, चकिया रोड) से मानसरोवर तालाब तक कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह आयोजन माता काली के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा का नेतृत्व अजय जायसवाल ने किया। इस दौरान 108 महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर पैदल यात्रा में भाग लिया। यात्रा काली माता मंदिर तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। भक्तों ने जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाया।
आयोजकों के अनुसार, मंदिर में चंडी यज्ञ का आयोजन चल रहा है, जिसका यह आठवां दिन था। इसी क्रम में माता रानी की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
कार्यक्रम से जुड़ी पूनम चौरसिया ने बताया कि यह कलश यात्रा मां काली की कृपा और आशीर्वाद से संभव हो पाई है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आयोजकों ने नगरवासियों से 1 अप्रैल को आयोजित होने वाले विशाल भंडारे में शामिल होकर माता रानी का प्रसाद ग्रहण करने और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
