मिर्जापुर। थाना अहरौरा पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने तीन चार पहिया वाहनों से करीब 75 लाख रुपये मूल्य की 1075 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में थाना अहरौरा एवं एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की।

पुलिस को 18 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना अहरौरा क्षेत्र के ग्राम हिनौता स्थित लखनियादरी मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक साथ आ रही तीन संदिग्ध कारों को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान वाहन संख्या BR01JH6716, JH01GK3675 और JH01FP4881 से अलग-अलग ब्रांड की कुल 1075 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी 19 वर्षीय सुरज कुमार, 24 वर्षीय आकाश कुमार और 23 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर शराब को छिपाकर बिहार ले जा रहे थे, जहां ऊंचे दामों पर उसकी बिक्री की जानी थी।

 

बरामद शराब का विवरण

ब्लेंडर प्राइड ब्लैक – 144 बोतल

रॉयल स्टैग – 254 बोतल

डार्क ब्लैक – 285 बोतल

मैजिक मूवमेंट रेड – 60 बोतल

मैजिक मूवमेंट ग्रीन – 60 बोतल

मैजिक मूवमेंट जामुन – 6 बोतल

डार्क ब्लू – 200 बोतल

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त तीनों वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। इस संबंध में थाना अहरौरा में आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *