वाराणसी। लोहता के केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में हैंडबॉल गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न जिलों से आए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हैंडबॉल खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीडीए सदस्य अंबरीश सिंह भोला तथा विशिष्ट अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. भुवन चंद्र कापरी रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मान पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की उपलब्धियां रहीं चर्चा का केंद्र

समारोह में भारतीय हैंडबॉल में उभरती और स्थापित प्रतिभाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। हाल के राष्ट्रीय, फेडरेशन और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

12 महिला खिलाड़ियों सहित कुल 24 खिलाड़ी व कोच सम्मानित

इस अवसर पर श्यामा हैंडबॉल एकेडमी की 12 महिला खिलाड़ियों सहित कुल 24 खिलाड़ियों एवं उनके कोचों को सम्मानित किया गया। इनमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहे।

एशियन हैंडबॉल फेडरेशन में नियुक्ति पर जताया गया गौरव

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने डॉ. आनंदेश्वर पाण्डेय को एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर नियुक्त किए जाने पर बधाई दी और इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।

महिला व पुरुष खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

महिला वर्ग में श्यामा हैंडबॉल एकेडमी की समृद्धि, सुमन, शताक्षी, रेशमा, प्रीति यादव और उषा प्रजापति के साथ लखनऊ, अयोध्या, बस्ती सहित अन्य जिलों की खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं पुरुष वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनीश, रजनीश यादव, अंकित चौधरी, रोहन, सुमित, जय सिंह, अनुभव सिंह, शैलेश गोंड, ज्ञान और सिद्धू सहित कई खिलाड़ियों ने नेशनल, फेडरेशन और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर हैंडबॉल को नई पहचान दी।

कोचों को भी मिला विशेष सम्मान

समारोह में महिला हैंडबॉल टीम के अंतरराष्ट्रीय कोच मोहम्मद तौहीद को आईएचएफ द्वारा डी-लाइसेंस प्राप्त होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पुरुष हैंडबॉल टीम के कोच आदित्य और परविंदर सिंह को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल की मजबूत पहचान

समापन अवसर पर अमित पाण्डेय ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के कारण ही आज उत्तर प्रदेश हैंडबॉल विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और कोचों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ एवं वाराणसी हैंडबॉल संघ के पदाधिकारी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन एस.एन. पांडेय स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट ट्रस्ट द्वारा उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संरक्षण में संपन्न हुआ।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *