वाराणसी। उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल को नई पहचान देने की दिशा में रविवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने जा रही यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का भव्य ऑक्शन वाराणसी में संपन्न हुआ। इस लीग में कुल 174 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 28–29 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं।

लीग का आयोजन लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इंडोर स्टेडियम में 9 से 15 अप्रैल तक किया जाएगा। प्रतियोगिता 6 दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रदेश की 6 टीमें भाग लेंगी। विजेता टीम को 2 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। खिलाड़ियों का बेस प्राइस 10 हजार रुपये से शुरू रखा गया है।

7500 खिलाड़ियों में से हुआ चयन

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ एवं एसएन पांडेय खेल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस लीग के लिए 5 चरणों में ट्रायल हुए थे। ट्रायल में करीब 7500 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 174 खिलाड़ियों का चयन किया गया। आयोजक अमित पांडेय ने बताया कि लीग में देशभर के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे और सभी 6 टीमों के आइकन खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर के होंगे।

ऑक्शन में जुटीं हस्तियां

ऑक्शन समारोह में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, वाराणसी विकास प्राधिकरण के सदस्य अमरीश सिंह भोला तथा लीग की ब्रांड एंबेसडर सबिता कलवार उपस्थित रहीं। वहीं, मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
लीग के उद्घाटन समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रण भेजा जाएगा।

ये टीमें लेंगी भाग

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग में शामिल 6 टीमें

मथुरा बृज स्टार

नोएडा ब्लास्टर

अमेठी रक्षक

गाजियाबाद पैंथर

काशी किंग

गोरखपुर राउंडीज

आयोजकों का कहना है कि यह लीग उत्तर प्रदेश में हैंडबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करेगी।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *