कई शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

वाराणसी। शहर के बनकटी हनुमान मंदिर के पास स्थित एक गली में बड़ा पेड़ गिरने और उसके साथ आसपास की दीवार क्षतिग्रस्त होकर ढह जाने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

स्थानीय निवासी गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को कई बार सूचना दी गई और लगभग 50 से अधिक प्रार्थना पत्र भी दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण अब लोगों की जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है।

मोहल्लेवासियों के अनुसार गली में गिरा पेड़ आवागमन में बड़ी बाधा बना हुआ है। राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेड़ गिरने से एक मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों ने कहा कि बरसात और तेज हवा के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी गंभीर दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।

मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि नगर निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ को हटाए, क्षतिग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण करे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *