वाराणसी। उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की समस्याओ को कांग्रेस के वाराणसी खंड के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी संजय राय प्रियदर्शी ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर उठाने का काम किया है।
संजय राय प्रियदर्शी ने शिक्षकों की ओर से शासन को एक प्रार्थना पत्र भेजकर जनगणना कार्य को फिलहाल स्थगित करने अथवा समय में परिवर्तन करने की मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिससे दिन के समय फील्ड में कार्य करना स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है। हीटस्ट्रोक के बढ़ते मामलों ने शिक्षकों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
संजय राय प्रियदर्शी ने पत्र में लिखा कि शिक्षकों को जनगणना कार्य के लिए आधुनिक स्मार्टफोन या टैबलेट की आवश्यकता होती है, जिसमें पर्याप्त रैम और 5G इंटरनेट सुविधा हो। अधिकांश शिक्षकों के पास ऐसे उपकरण उपलब्ध नहीं हैं और आर्थिक स्थिति के कारण वे नए डिवाइस खरीदने में असमर्थ हैं।
उन्होंने प्रार्थना पत्र में शासन से मांग की गई है कि भीषण गर्मी को देखते हुए जनगणना कार्य को अस्थायी रूप से रोका जाए या कार्य का समय बदला जाए। साथ ही, फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए पेयजल, छाया, विश्राम स्थल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके अलावा, शिक्षकों को शासन स्तर से उपयुक्त डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। संजय राय प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र ही उनके हित में उचित निर्णय लेगी।
