दो दर्जन लोगों के दुकान में घुसने का दावा, नकदी, लैपटॉप और महंगे सामान ले जाने की शिकायत; पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के BLW नवेदा स्थित  हरशंकरानंद अस्पताल के समीप श्रीराम ग्लास एंड प्लाई तथा रॉयल पेट मार्ट नामक दुकान में तोड़फोड़ कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने करीब दो दर्जन लोगों पर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने, शीशे तोड़ने, सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने और नकदी समेत करीब 12 लाख रुपये के सामान चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर गए। घटना के बाद दुकानदार ने चितईपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

BLW नवेदा
श्रीराम ग्लास एंड प्लाई तथा रॉयल पेट मार्ट

दुकानदार जयप्रकाश चौरसिया और ओमप्रकाश चौरसिया केदार नगर कॉलोनी के निवासी बताए गए हैं। ओमप्रकाश चौरसिया ने बताया कि सुरेंद्र, महेंद्र और नागेंद्र पटेल के साथ उनका विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में लंबित है। आरोप है कि इसी विवाद के बीच रात में उनकी दुकान को निशाना बनाया गया।

गार्ड को पीटकर दुकान में घुसे हमलावर

दुकानदार के अनुसार, घटना के समय दुकान पर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान करीब दो दर्जन लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि लोगों ने गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। अपनी जान बचाने के लिए गार्ड किसी तरह वहां से भाग निकला। इसके बाद आरोपितों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया गया।

श्रीराम ग्लास एंड प्लाई तथा रॉयल पेट मार्ट

जयप्रकाश चौरसिया ने आरोप लगाया कि हमलावर दुकान के कैश काउंटर में रखी नकदी, एक एप्पल कंपनी का लैपटॉप और अन्य महंगे सामान उठा ले गए। उनके मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त किए जाने से पहले की घटना के कुछ अंश कैमरे में रिकॉर्ड हो गए हैं। उनके अनुसार, करीब दो से तीन मिनट की फुटेज सुरक्षित है, जिससे घटना के संबंध में जानकारी मिल सकती है।

श्रीराम ग्लास एंड प्लाई तथा रॉयल पेट मार्ट

रात से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप

पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद वे काफी देर तक थाने में मौजूद रहे और लिखित तहरीर भी दी, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो चौकी प्रभारी दुकान पर पहुंचे और न ही थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

श्रीराम ग्लास एंड प्लाई तथा रॉयल पेट मार्ट

दुकानदार ने बताया कि वे तीन भाई जयप्रकाश, ओमप्रकाश और शिवप्रकाश चौरसिया हैं। उनका बेटा संस्कार चौरसिया भी दुकान पर बैठता है। उनके अनुसार, घटना से एक दिन पहले रात करीब नौ बजे वे दुकान बंद करके घर चले गए थे। इसके बाद रात में दुकान पर यह घटना हुई।

एसीपी ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले में सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति, चोरी गए सामान की मात्रा और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, पीड़ित ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *