पिंडरा में 10 हजार महिलाएं विधायक को बांधेंगी राखी
वाराणसी। रक्षाबंधन के पर्व से पहले पिंडरा विधानसभा में भव्य रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पिंडरा विधानसभा की करीब 8 से 10 हजार महिलाएं विधायक डॉ. अवधेश सिंह को रक्षा सूत्र बांधेंगी। कार्यक्रम को लेकर विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
महोत्सव में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, समूह संगठन से जुड़ी महिलाएं, सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, स्कूलों में भोजन बनाने वाली रसोइयां और सेविकाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना है।
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के हक और सम्मान की बात करते हैं। पहले महिलाओं के हित में कही जाने वाली बातें कागजों तक सीमित रह जाती थीं, लेकिन अब योजनाओं और अधिकारों का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की करीब 8 से 10 हजार बहनों की सूची तैयार की गई है, जो रक्षाबंधन से पहले आयोजित कार्यक्रम में उन्हें राखी बांधेंगी।
विधायक ने कहा कि इस अवसर पर वह एक संकल्प लेंगे कि भाई के रूप में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि पिंडरा का जनप्रतिनिधि अपनी बहनों की सुरक्षा को लेकर कितना प्रतिबद्ध है। रक्षाबंधन का पर्व इस वर्ष 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
