वाराणसी। सुसुवाही वार्ड नंबर 39 में लगातार बढ़ रही गंदगी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर को देखते हुए मंगलवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने सुबह क्षेत्र का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर फैली गंदगी को देखा और सफाई कर्मचारियों को तत्काल कूड़ा उठाकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

सुबह से शुरू हुए अभियान के दौरान सुसुवाही भगवती नगर रोड समेत वार्ड के कई प्रमुख स्थानों पर सफाई कराई गई। अभियान में करीब 8 से 10 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्र कर निस्तारित कराया गया। इसके साथ ही नालियों और नालों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी न हो।

पार्षद के नेतृत्व में ओम ग्रीन गार्डन के पास विशेष सफाई कराई गई। वहीं नुआव तड़िया पुल के पास नाले की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा सुसुवाही भगवती नगर रोड पर प्रज्ञा पुरम कॉलोनी के पास मुख्य मार्ग, चंद्रिका चौराहा और पोखरी के आसपास भी सफाई अभियान चलाया गया। चंद्रिका चौराहे पर काफी मात्रा में जमा कूड़े को सफाई कर्मचारियों ने उठाकर मौके से हटाया।

लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

अभियान के दौरान पार्षद सुरेश कुमार पटेल ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाला कूड़ा सड़क किनारे, नाली या खाली स्थानों पर न फेंका जाए। निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा देने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की गई।

सुसुवाही सफाई अभियान,

पार्षद ने कहा कि केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयास से किसी क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ नहीं रखा जा सकता। इसके लिए स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा खुले में कूड़ा न डालने की अपील की।

प्रतिदिन 25 से 30 सफाई कर्मचारी कर रहे कार्य

पार्षद ने बताया कि वार्ड नंबर 39 में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुसार, वार्ड में प्रतिदिन करीब 25 से 30 सफाई कर्मचारी अलग-अलग इलाकों में सफाई कार्य में लगाए जाते हैं। सफाई के साथ ही एकत्र कूड़े को तत्काल उठाकर उसके निस्तारण की व्यवस्था भी कराई जाती है।

उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए नालियों और नालों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन स्थानों पर जलनिकासी की समस्या की आशंका है, वहां सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सफाई अभियान

पार्षद सुरेश कुमार पटेल उर्फ गुड्डू पटेल ने कहा कि वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि महापौर, नगर आयुक्त और मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के निर्देशन में क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कूड़ा खुले में न फेंकें और सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही सुसुवाही वार्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *