वाराणसी। शहर के चौक थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से दिनदहाड़े करीब 27 किलोग्राम चांदी लूट किया । खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर 3  बदमाशों ने सराफा कारोबारियों के दो कर्मचारियों को रोका, पूछताछ के बहाने मारपीट की और करीब 60 लाख रुपये मूल्य की चांदी से भरा बैग छीनकर पैदल फरार हो गए। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

सूचना प्राप्त होते ही एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी और चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल के जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश  जल्द से जल्द करने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरा क्षेत्र में विनय सोनी की हेमा ज्वेलर्स और शशि कुमार वर्मा की जय मां लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकानें हैं। दोनों प्रतिष्ठान एक-दूसरे से कुछ ही दूरी पर स्थित हैं।

बताया गया कि शशि कुमार वर्मा ने अपने कर्मचारी उमाकांत सेठ सहित दो कर्मचारियों को विनय सोनी की दुकान से चांदी लाने के लिए भेजा गया था। दोनों कर्मचारी चांदी लेकर वापस लौट ही रहे थे कि तभी रास्ते में तीन युवकों के द्वारा  उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताया और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी। बदमाशों ने बैग में मादक पदार्थ होने का संदेह जताया और तलाशी के नाम पर बैग की जांच करने लगे।

जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और चांदी से भरा हुआ बैग छीनकर मौके से पैदल फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारी संभल भी नहीं सके।

घटना के बाद दोनों कर्मचारी घबराए हुए अपने मालिक के पास पहुंचे और पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सराफा कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी मात्रा में चांदी की लूट की सूचना पर पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही दोनों कर्मचारियों से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के हर पहलू की जांच की जा सके।

पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें बनाई हैं। टीमों को सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

एसीपी ने कही यह बात”आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

इस सनसनीखेज वारदात ने शहर के सराफा कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर 27 किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया। करीब 60 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने दो टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल वाराणसी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि इस सनसनीखेज 27 किलो चांदी लूटकांड का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *