वाराणसी अशोक विहार कॉलोनी में महिलाओं से मारपीट का वीडियो आया सामने, घर में घुसकर किया तोड़फोड़
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में महिलाओं के साथ कथित मारपीट और तोड़फोड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा महिलाओं के साथ हाथापाई किए जाने का दावा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो महिलाओं के घायल होने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि गाजीपुर निवासी राजेश राय अपने साथियों के साथ घर में घुस गए और मारपीट के साथ तोड़फोड़ की। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति स्वयं को कभी एक समाचार पत्र का संपादक तो कभी अधिवक्ता बताते हुए नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस परिवार के साथ मारपीट हुई, वह लंबे समय से उक्त स्थान पर निवास कर रहा है। वहीं, राजेश राय की कुछ राजनीतिक लोगों से नजदीकियों की भी चर्चा की जा रही है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल जैतपुरा थाना पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है या नहीं, इसकी भी पुष्टि होना बाकी है।
