वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में बुधवार को एनएच-19 पर अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों से अफरा-तफरी मच गई। हादसों में कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और NHAI की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य कर यातायात सामान्य कराया।

पहला हादसा कछवा रोड स्थित स्वयंवर लॉन के पास हुआ, जहां गिट्टी लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। बताया गया कि ट्रेलर सोनभद्र से गिट्टी लादकर औराई की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को झपकी आने से वाहन असंतुलित हो गया। हादसे में चालक लल्लू कुमार और खलासी संतोष को हल्की चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरा हादसा डंगहरिया गांव के समीप प्रयागराज से वाराणसी जाने वाली लेन पर हुआ। यहां तेज रफ्तार कार पीछे से चलती ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में प्रतापगढ़ निवासी राम आश्रय पटेल और तीन वर्षीय विनायक घायल हो गए। हालांकि एयरबैग खुलने से चालक और बच्चे के पिता सुरक्षित बच गए। बताया गया कि सभी लोग प्रतापगढ़ से वाराणसी के लहरतारा जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है।

वहीं तीसरा हादसा साधु कुटिया से करीब आधा किलोमीटर आगे प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हुआ। यहां सीमेंट लदा ट्रक सापट टूटने के कारण हाईवे पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार मोहम्मद शमी, खुर्शीद अहमद, आशिफ और बादशाह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया।

लगातार हुए हादसों के चलते कुछ समय के लिए एनएच-19 पर जाम की स्थिति बन गई। मिर्जामुराद पुलिस और NHAI की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *