वाराणसी। बीते दिनों आई आंधी और बारिश के बाद अब काशी में भीषण गर्मी और लू का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 16 से 19 मई तक वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए यलो अलर्ट घोषित किया है। अगले कुछ दिनों में तेज धूप, गर्म हवाएं और तापमान में लगातार बढ़ोतरी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
बृहस्पतिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली। नमी का स्तर 60 प्रतिशत से अधिक रहने से उमस और बढ़ गई।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यदि ऐसा हुआ तो यह इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी साबित हो सकती है।
तेज गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ती गर्मी के चलते हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और वायरल बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
उधर, बुधवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश से जिले में नुकसान भी हुआ। जिला प्रशासन के प्रारंभिक आकलन के अनुसार एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि छह पशुओं की मौत हुई है। इसके अलावा 14 मकान और चार पशुबाड़े क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई इलाकों में पेड़ गिरने और टीनशेड उड़ने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिन बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, ऐसे में सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
