रिपोर्ट – पवन मिश्र

गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र स्थित कटारिया गांव में युवती की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर रविवार को मृतका के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ वाराणसी बीजेपी जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और राज्यसभा सदस्य संगीता बलवंत भी मौजूद रहीं।

मंत्री राजभर ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इसके अलावा उन्होंने परिजनों को डेढ़ बीघा जमीन और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान के कागजात भी प्रदान किए।

परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री राजभर ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा जिले का माहौल खराब करने और जातीय आधार पर तनाव फैलाने की कोशिश कर रही है।

राजभर ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अन्य जिलों में हुई घटनाओं पर उन्होंने कभी संवेदना व्यक्त करने या पीड़ित परिवारों से मिलने का प्रयास नहीं किया।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जमीनी सच्चाई की जानकारी नहीं है और वे देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचा रहे हैं।

कटारिया गांव की घटना को लेकर इलाके में पहले ही तनाव का माहौल है, वहीं नेताओं के बयानों से सियासत और गरमाती नजर आ रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *