रिपोर्ट – गोपी गुप्ता 

वाराणसी। धर्म नगरी काशी में असि स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु आगामी 1 मई 2026 को भव्य ‘शिला पूजन एवं शिलान्यास’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर स्वामी शंकरविजयेंद्र सरस्वती अपने कर-कमलों द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास करेंगे।

ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में सचिव शैलेश त्रिपाठी एवं न्यासी डॉ. संजीव राय ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई को प्रातः 9:00 बजे पूजन उत्सव का शुभारंभ होगा, जो पूर्वाह्न 11:00 बजे तक चलेगा। शिलान्यास के पश्चात जगद्गुरु शंकराचार्य श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

मातृशक्ति निकालेगी भव्य कलश यात्रा

कार्यक्रम का शुभारंभ मातृशक्ति द्वारा निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा से होगा। इस यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं और बहनें पारंपरिक वेशभूषा में मंगल कलश सिर पर धारण कर मंदिर परिसर तक पहुंचेंगी। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक होगी।

काशी के संत-महात्मा और प्रबुद्धजन होंगे शामिल

जगद्गुरु शंकराचार्य के आगमन पर काशी के साधु-संतों, विद्वानों और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष सहित कई प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 108 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को जगद्गुरु शंकराचार्य द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

धार्मिक विरासत को मिलेगा नया स्वरूप

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार केवल भवन की मजबूती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि काशी की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। उन्होंने काशीवासियों और श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

प्रेस वार्ता के दौरान न्यासी डॉ. संजीव राय, रवि प्रताप सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सर्व-व्यवस्था प्रमुख नवीन श्रीवास्तव, समिति सदस्य हरीश वालिया, ज्ञानेश्वर जायसवाल, दिलीप मिश्रा, आनंद भगत, अमित त्रिपाठी, डॉ. कमलेश तिवारी और डॉ. शिशिर मालवीय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *