रिपोर्ट – गोपी गुप्ता 

वाराणसी। वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुकुलपुर हनुमान मंदिर के पास एक मकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक व्यक्ति झुलस कर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

मकान का ऊपरी हिस्सा उड़ा, तेज धमाके से दहशत

मिली जानकारी के अनुसार शुकुलपुरा स्थित पेड़ा सोनकर के मकान में अनुज सोनकर किराए पर रहते थे। घटना के समय अनुज सोनकर अपने परिवार के साथ दवा लेने बाहर गए हुए थे और घर में ताला बंद था। इसी दौरान ऊपर बने किचन में अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया।

धमाका इतना तेज था कि मकान का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर उड़ गया। आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड

घटना की जानकारी किराएदार अश्वनी की बेटी ने अपने पिता को दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

किचन का सामान जलकर राख, नकदी भी नष्ट

गैस सिलेंडर ब्लास्ट के कारण किचन में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। साथ ही घर में रखी नकदी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

घायल का चल रहा इलाज

हादसे में झुलसे व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *