रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और जनसेवा की प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) नीतू काद्दयान, जिन्हें आम लोग ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जानते हैं, के नेतृत्व में सर्विलांस टीम ने 121 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए।

बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। डीसीपी नीतू काद्दयान ने इस अभियान की खुद निगरानी की और CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गहन विश्लेषण कराया।
उनके निर्देशन में सर्विलांस प्रभारी दिनेश कुमार यादव और उनकी टीम ने तकनीकी मदद से मोबाइल फोनों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक बरामद किया। इसके बाद आयोजित एक कार्यक्रम में मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस सौंपे गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई।
इस मौके पर डीसीपी नीतू काद्दयान ने कहा कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना आम नागरिक के लिए बड़ी राहत होती है और पुलिस इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
इस त्वरित कार्रवाई और प्रभावी कार्यशैली से वाराणसी पुलिस की छवि और अधिक मजबूत हुई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
