वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई इस झड़प में पुलिस अधिकारियों पर पथराव किया गया, जिसमें एसीपी सारनाथ समेत एक दरोगा घायल हो गए।

गोमती जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गांव में गेट पर झंडा लगाने को लेकर पहले विवाद हुआ था, जिसे आपसी समझौते के बाद शांत कर दिया गया था। संबंधित पक्षों द्वारा झंडा हटा लिया गया था और यथास्थिति बहाल कर दी गई थी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को इसी मुद्दे को लेकर कुछ लोग दोबारा एकत्र हो गए थे। मौके पर पुलिस मौजूद थी और लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे स्थिति बिगड़ गई।

पथराव में एसीपी सारनाथ और एक दरोगा को चोटें आई हैं। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।

डीसीपी के अनुसार, घटना में शामिल लोगों की पहचान फोटो और वीडियो के आधार पर की जा रही है। अब तक 6-7 लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर हमला और शांति भंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

By fourthpillarworld

अपने शहर के लेकर देश-दुनिया की राजनीतिक, समसामयिक, बॉलीवुड, खेल, धर्म, आध्यात्म और व्यापार जगत की ताजा-तारीन खबरों को Fourthpillarworld.com पर पढ़े. हमारे youtube, facebook एवं instagram चैनल को फॉलो करना ना भूलें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *