रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। खोजवा किरहिया क्षेत्र में भारत रत्न भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती बहुजन समाज पार्टी के पूर्व पार्षद प्रत्याशी मनोज कुमार गौतम के आवास पर बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों और बसपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह की खास बात यह रही कि तैयार किए गए केक में आंबेडकर पार्क की आकर्षक आकृति बनाई गई थी, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता, शिक्षा व जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपस्थित बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा सुप्रीमो मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

कार्यक्रम के आयोजक मनोज कुमार गौतम ने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से अपने घर को भव्य रूप से सजाकर बाबा साहब की जयंती मनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जयंती पार्क, होटल और पार्टी कार्यालयों में मनाई जाती थी, लेकिन लोगों में जागरूकता बढ़ाने और मोहल्ले के प्रत्येक व्यक्ति तक बाबा साहब के विचार पहुंचाने के उद्देश्य से घर पर आयोजन करने का विचार आया।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनकी जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और समानता का संदेश देने का अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *