रिपोर्ट – पवन मिश्रा
गाजीपुर। सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर और महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति जी महाराज इन दिनों चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में विशेष प्रवास पर हैं। हरिहरपुर स्थित सिद्धपीठ काली माता मंदिर में साधना रत महाराज श्री ने समसामयिक मुद्दों पर बेबाक राय रखी। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए अंतरराष्ट्रीय युद्धों के संकट पर भी चिंता जताई है।
सिद्धपीठ हथियाराम मठ के महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति ने नवरात्रि की महिमा बताते हुए कहा कि यह नौ दिन आत्मा और ऊर्जा के पुनर्जागरण का समय है। साधना से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसी क्रम में उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 साल के कार्यकाल की जमकर सराहना की। यति जी ने कहा कि योगी जी का कार्यकाल अब तक के सभी मुख्यमंत्रियों में सर्वोपरि रहा है। उन्होंने सनातन धर्म के लिए समर्पण भाव से कार्य किया है।

योगी आदित्यनाथ पर होने वाली टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए महामंडलेश्वर ने कहा कि जो व्यक्ति ‘हैसियतमंद’ होता है, आलोचना भी उसी की होती है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव पर महाराज श्री ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण पेट्रोल, गैस और मूलभूत सुविधाओं पर असर पड़ रहा है, जिससे देश वंचित हो रहा है। हालांकि उन्होंने भारतीय कूटनीति और ब्यूरोक्रेट्स पर भरोसा जताते हुए कहा कि संकट जल्द टल जाएगा।
भाषा और संस्कृति के मुद्दे पर महामंडलेश्वर ने भारत को ‘पूर्ण स्वदेशी’ बनाने की वकालत की। उन्होंने अंग्रेजों द्वारा थोपी गई परंपराओं को त्यागने और संस्कृत व हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में स्थापित करने का आह्वान किया।

