वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत परिवार द्वारा सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ और मां गौरा का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। इस दिव्य विवाह का साक्षी केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से जुड़े श्रद्धालु भी बने। अब विवाह उपरांत मां गौरा के गौना कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।

महंत परिवार के अनुसार, गौना की मंगल रस्म के लिए काशी के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर से हल्दी लाई जाएगी। यह पहली बार होगा जब मां गौरा के गौना के लिए हल्दी दुर्गा मंदिर से विशेष रूप से प्रेषित की जाएगी।

दुर्गा मंदिर से निकलेगी हल्दी यात्रा

दुर्गा मंदिर के महंत कौशल द्विवेदी ने बताया कि काशी की नौ देवियों और नौ गौरियों के आव्हान मंत्रों से हल्दी को विधिवत अभिमंत्रित किया जाएगा। जो माता गौरा के गौना के लिए ले जाए जायेगी। उन्होंने कहा कि यह हल्दी केवल एक अनुष्ठानिक सामग्री नहीं, बल्कि श्रद्धा, शास्त्र और लोकविश्वास का संगम है। हिंदू लोकाचार के अनुसार जैसे किसी घर में दुल्हन को गौने से पूर्व हल्दी लगाई जाती है, उसी भाव से माता गौरा को भी यह मंगल-रस्म अर्पित की जाएगी।

केसीएम चौक से महंत आवास तक निकलेगी शोभायात्रा

महंत परिवार ने बताया कि सायं 6:30 बजे केसीएम से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें ढोल-नगाड़े और डमरू दल के साथ श्रद्धालु शामिल होंगे। हल्दी, वस्त्र एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर श्रद्धालु महंत आवास टेढ़ीनीम तक प्रस्थान करेंगे, जहां गौना से संबंधित समस्त लोकाचार विधि-विधान से संपन्न होंगे। इस अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महंत कौशल द्विवेदी ने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि माता गौरा के गौना में दुर्गा मंदिर की सहभागिता काशी की प्राचीन परंपरा का जीवंत उदाहरण है।

रंगभरी एकादशी से जुड़ी विशेष परंपरा

गौरतलब है कि 27 फरवरी को पड़ने वाली रंगभरी एकादशी से पूर्व यह अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। काशी की लोकमान्यता के अनुसार विवाह के बाद बाबा विश्वनाथ माता गौरा को पहली बार अपने धाम लाते हैं और इसी अवसर पर गौना की रस्म अदा की जाती है। इस प्रकार काशी की प्राचीन धार्मिक परंपरा एक बार फिर श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ जीवंत होने जा रही है।

समाजसेवी अश्वनी शुक्ला ने बताया कि बाबा विश्वनाथ एवं मां पार्वती के गौना में शामिल होने का पहली बार सौभाग्य मिलेगा। जिसमें मां आदि शक्ति दुर्गा मंदिर धाम से हल्दी जाएगी। जिसमें हम लोग शामिल होंगे। यह हम लोगों के लिए अति सौभाग्य की बात है कि इस प्रोग्राम में हम लोग महंत आवास टेढ़ीनीम तक जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *