रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ की केंद्रीय कार्यशाला में आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने शिरकत की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में प्रेम शुक्ला ने प्रयागराज की घटना और विपक्षी नेताओं के बयानों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।
प्रयागराज में बटुकों के साथ हुई कार्रवाई पर बोले प्रेम शुक्ला
प्रयागराज में पुलिस द्वारा बटुकों (विद्यार्थियों) के साथ की गई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रेम शुक्ला ने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा:
“किसी भी नागरिक का अपमान नहीं होना चाहिए और यदि कहीं कुछ गलत हुआ है, तो उस पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।”
कानून व्यवस्था की दृष्टि से प्रयागराज की घटना की जांच की जानी चाहिए।
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक द्वारा बटुक पूजन किए जाने और उन पर हुए हमले के सवाल पर शुक्ला ने कहा कि पूजन हमारी सनातन परंपरा का हिस्सा है और यह कोई नई बात नहीं है।
शिवपाल यादव और सपा पर कड़ा प्रहार
शिवपाल यादव द्वारा शंकराचार्य मामले में बीजेपी सरकार को घेरे जाने पर प्रेम शुक्ला ने पलटवार करते हुए अतीत की याद दिलाई। उन्होंने कहा:
“अब शिवपाल यादव बोलेंगे? जिनके भाई (मुलायम सिंह यादव) ने मई 1990 में शंकराचार्य को गिरफ्तार किया था।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बटुकों को डंडों से पीटा गया था और कार्यसेवकों के खून से सरयू को लाल कर दिया गया था।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की पदवी पर उठ रहे सवालों पर उन्होंने टिप्पणी की कि यह सवाल केवल सीएम ने नहीं, बल्कि तमाम अन्य शंकराचार्यों ने भी खड़े किए हैं।
कार्यशाला पर मौन और डिप्टी सीएम का टालमटोल
हैरानी की बात यह रही कि जहां प्रेम शुक्ला ने राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बात की, वहीं कार्यशाला के आंतरिक विवरण पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। दूसरी ओर, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मीडिया के तीखे सवालों का कोई सीधा जवाब नहीं दिया। वे मीडिया को घुमाते रहे और सिर्फ इतना कहकर निकल गए कि, “अभी प्रशिक्षण कार्यशाला चल रही है, पहले उसे संपन्न हो जाने दें।”
गौरतलब है कि सारनाथ में चल रही इस उच्च स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश के कई दिग्गज मंत्री और भाजपा पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *