रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और चाक-चौबंद इंतजामों के बीच शुरू हो गई हैं। 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलने वाली इस महापरीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने हिंदी विषय के प्रश्नपत्र के साथ अपने अभियान का आगाज़ किया।

जिले में परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है:

परीक्षाओं का आयोजन दो निर्धारित पालियों में किया जा रहा है।

प्रथम पाली: सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक।

द्वितीय पाली: दोपहर 2.00 बजे से 5.15 बजे तक।

नकल रोकने के लिए ‘डिजिटल स्ट्राइक’ और कड़ा पहरा

प्रशासन ने ‘नकलविहीन परीक्षा’ के संकल्प को पूरा करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है:

उड़ाका दल: जिले भर में 5 टीमें लगातार केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रही हैं।

सेक्टर व जोन: सुरक्षा के लिहाज से जिले को 8 जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है, जहाँ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात हैं।

कंट्रोल रूम: राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से सीसीटीवी (CCTV) के जरिए जिले के हर कोने की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।

पुलिस बल: प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

परीक्षार्थियों के लिए सख्त हिदायत

परीक्षा केंद्रों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से छात्रों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की नकल सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल, यहाँ तक कि अंगूठी और माला पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

छात्रों में दिखा मिला-जुला असर

पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे छात्रों, विशेषकर पहली बार बोर्ड परीक्षा दे रही छात्राओं के चेहरों पर उत्साह के साथ-साथ हल्की घबराहत भी नजर आई। हालांकि, केंद्रों पर सुव्यवस्थित माहौल देखकर परीक्षार्थी काफी आश्वस्त दिखे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पहले दिन की पहली पाली सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *