वाराणसी: मंडुआडीह क्षेत्र स्थित बीती रात चोरों ने रामजीयावन वीर बाबा मंदिर को निशाना बनाते हुए करीब 10 से 12 बड़े पीतल के घंटे चोरी कर लिए। चोरी गए घंटों का कुल वजन लगभग 50 से 60 किलो बताया जा रहा है, जिसकी बाजार में कीमत 60 से 70 हजार रुपये आंकी जा रही है।

घटना की जानकारी आज सुबह उस समय हुई, जब मंदिर की नियमित साफ-सफाई के लिए पुजारी व स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर में सीकड़ (जंजीर) से बंधे कई घंटे गायब हैं। यह देख मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और धीरे-धीरे खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और चोरी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चोरी की यह घटना केवल मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, जिससे आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का आरोप है कि लगातार हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस इन्हें रोकने में विफल नजर आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फोन के माध्यम से मंडुवाडीह थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने बातचीत में बताया कि मंदिर में लगे घंटे काफी पुराने और आस्था से जुड़े हुए थे। ऐसे में चोरी की इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी हो और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *