पुलिस लाइन में दोनों महापुरुषों के चित्र पर किया माल्यार्पण, पुलिसकर्मियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि गांधी जयंती हमें सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी।
इस अवसर पर गांधीजी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वच्छता को अपने जीवन और कार्यशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। पुलिस आयुक्त ने उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मान प्रदान किया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त लाइन्स गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन शुभम जैन समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
