वाराणसी। दिनांक 07 सितम्बर 2026 काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के 85 वर्षीय पद्मश्री एवं वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. टी.के. लहरी जी के साथ 29 अगस्त की रात्रि घटित कथित मारपीट, थप्पड़ एवं अभद्र व्यवहार के गंभीर प्रकरण को लेकर आज विश्वविद्यालय के शोध छात्र एवं छात्र नेता रंजीत यादव ‘माधव’ (प्रत्याशी, स्नातक MLC वाराणसी खंड) के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपना विरोध एवं चिंता दर्ज कराई।

छात्र प्रतिनिधिमंडल द्वारा BHU के कुलसचिव, IMS निदेशक एवं IMS चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण में 24 घंटे के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्णायक कार्रवाई की मांग की गई।

छात्रों ने कहा कि प्रो. टी.के. लहरी जी वर्तमान में ICU में उपचाराधीन हैं। प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार घटना के बाद उनके चेहरे एवं आंख पर चोट के निशान सामने आए हैं तथा उनके परिजनों द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायत भी दी गई है। ऐसे गंभीर प्रकरण में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

छात्र प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष निम्न मांगें रखीं

1. जांच पूरी होने तक संबंधित आरोपी को नियमानुसार तत्काल निलंबित अथवा कार्य से पृथक किया जाए।

2. CCTV फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड एवं अन्य सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए।

3. प्रो. टी.के. लहरी जी की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चिकित्सकीय जांच सुनिश्चित की जाए।

4. जांच समिति द्वारा समयबद्ध एवं पारदर्शी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

5. पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर FIR सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।

6. दोष सिद्ध होने पर कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

छात्र नेता रंजीत यादव ‘माधव’ ने कहा कि छात्रों की मांग किसी व्यक्ति को बिना जांच दोषी ठहराने की नहीं है। हमारी मांग निष्पक्ष जांच, संस्थागत जवाबदेही और दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में एक वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित व्यक्ति के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर स्पष्ट एवं प्रभावी कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रशासन से अपेक्षित है। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो छात्र लोकतांत्रिक एवं कानूनी माध्यमों से उचित मंचों पर इस प्रकरण को उठाएंगे।

ज्ञापन कार्यक्रम में BHU के छात्र नेताओं प्रतीक यादव, रीतम सिंह, अभिषेक गोप, रमेश कुमार, पुनीत सिंह, अभिषेक सिंह, शक्ति सिंह, वरुण मौर्य, चंदन पटेल, शशांक राय, डब्लू यादव, आशीष पांडे, सौरभ यादव, सावन पटेल, सौरभ यादववंशी, राजन पटेल, अतुल कुमार, अमित जायसवाल, आलोक, अनिकेत, कुंदन, अंकुल, जगत अम्बेडकर, विशाल सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की जांच बिना किसी दबाव या पक्षपात के की जाए तथा सभी संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए समयबद्ध तरीके से निष्कर्ष तक पहुंचा जाए।

छात्र प्रतिनिधिमंडल-

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *