ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत आर्यन स्कूल हाईवे अंडरपास के पास हुई गिरफ्तारी, चोरी कि चार मोटरसाइकिल बरामद

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन में रोहनियां पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बाइक बरामद हुई हैं। मामले में रोहनियां थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे आर्यन स्कूल हाईवे अंडरपास के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ वहां मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुनील गौड़ निवासी बालीपुर, रोहनियां, विनोद बंजारा उर्फ शेरे निवासी पहाड़ी गेट, मंडुवाडीह और मुन्नू गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता निवासी दूधुवां, चौबेपुर, हाल पता लठिया, रोहनियां के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना रोहनियां में मुकदमा संख्या 0319/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 317(2), 317(4) और 317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सुनील गौड़ पर पहले से 8 मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुनील गौड़ का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ लंका और रोहनियां थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 8 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं दूसरे गिरफ्तार अभियुक्त विनोद बंजारा उर्फ शेरे के खिलाफ भी पुलिस रिकॉर्ड में 4 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब बरामद की गई चारों मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन मोटरसाइकिलों को कहां से चोरी किया गया था और चोरी की वारदातों में इनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, चौकी प्रभारी अखरी धर्मेंद्र राजपूत, उप निरीक्षक नीरज कुमार, श्यामबाबू समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। रोहनियां पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *