वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोरखपुर से आए दो युवक स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी देर की तलाश के बाद एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार झगहां थाना क्षेत्र के खरकूटा गांव निवासी आयुष उर्फ भोले (12 वर्ष) और कौड़ीराम थाना क्षेत्र के पाण्डेयपार गांव निवासी निखिल गुप्ता (18 वर्ष) वाराणसी घूमने आए थे। दोनों रविवार को तुलसी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे।
स्नान के दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई और तेज धारा के कारण उन्हें बाहर नहीं निकाल सके। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस ने एक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। इस घटना के बाद घाट पर शोक का माहौल है।
