रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज में आज छात्रों का विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया। धरनास्थल पर कई छात्रों ने अपना मुंडन कराकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध जताया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के प्रिंसिपल की भूमिका संदिग्ध है और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है।कैंपस में स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। धरना स्थल पर कई दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। इस दौरान नीतू कात्यायन भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
दरअसल, 20 मार्च को कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को पुलिस ने घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बावजूद छात्र लगातार कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भी विरोध जता रहे हैं।छात्रों का कहना है कि करीब 500 छात्रों के बीच हुई इस हत्या की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है, लेकिन अब तक कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। छात्रों की मांग है कि आरोपी मंजीत चौहान को फांसी की सजा दी जाए और कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए।धरना दे रहे छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
“हम लोग तब तक धरना खत्म नहीं करेंगे जब तक आरोपी को फांसी की सजा और प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। अगर न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।”
बाइट//छात्र
