Report – Pawan Azad

वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में वांछित चल रही महिला अभियुक्ता को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना चौक कमिश्नरेट के प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने दिनांक 07 जनवरी 2026 को करीम रेस्टोरेंट, टीडीआई मॉल, थाना कुंडली, जनपद सोनीपत (हरियाणा) से अभियुक्ता रिचा भार्गव (45 वर्ष) पत्नी शरद भार्गव, निवासी सीके 58/12 नारायण कटरा, नीचीबाग, थाना चौक, वाराणसी को गिरफ्तार किया।

35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता रिचा भार्गव एवं उसके पति शरद भार्गव पर कागज के थोक व्यापार में संलग्न फर्म शर्थक वाणिज्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से करीब 35 लाख रुपये का माल लेकर भुगतान न करने का आरोप है। पीड़ित फर्म के अधिकृत प्रतिनिधि धनश्याम प्रसाद चौधरी द्वारा 24 नवंबर 2025 को थाना चौक में प्रार्थना पत्र दिया गया था।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने विभिन्न फर्मों के माध्यम से व्यापार करते हुए विश्वास अर्जित किया और बाद में बकाया रकम चुकाए बिना अपने कार्यालय और आवास बंद कर फरार हो गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों पर अन्य व्यापारियों से भी इसी तरह की धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

अभियुक्ता रिचा भार्गव के विरुद्ध वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी व साजिश से जुड़े छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके पति शरद भार्गव को पहले ही थाना लंका पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

सर्विलांस और मुखबिर की सूचना से गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्ता की लोकेशन ट्रेस की और हरियाणा के सोनीपत से उसे दबोच लिया। वर्तमान में अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक: दिलीप कुमार मिश्रा, थाना चौक

उपनिरीक्षक: अभिषेक कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी ब्रह्मनाल

उपनिरीक्षक: अली अतहर, चौकी प्रभारी तेलियाबाग

महिला उपनिरीक्षक: मानसी वर्मा

महिला हेड कांस्टेबल: एकता पासवान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *