रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। मानसरोवर स्थित श्री रामतारक आंध्र आश्रम में विगत 12 दिनों से श्रद्धा और भक्ति के साथ चल रहा श्री राम साम्राज्य पट्टाभिषेकम महोत्सव मंगलवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में राम भक्तों और क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस उपलक्ष्य में मंगलवार प्रातः काल भगवान हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। हनुमान जी को पान के पत्तों से सहस्त्रनाम विधि द्वारा पूजन कर भक्तों ने उनकी कृपा और आशीर्वाद की कामना की। इसके बाद पूरे दिन आश्रम परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भक्ति भाव से अनुष्ठानों में शामिल होते रहे।

शाम लगभग 5:00 बजे आश्रम से एक भव्य और आकर्षक शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में भगवान राम दरबार को सिंहासन पर विराजमान कर सजाए गए बजड़े पर भक्तगण भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभा यात्रा आश्रम से निकलकर सोमेश्वर घाट पहुंची, जहां से बजड़े के माध्यम से गंगा नदी में यात्रा प्रारंभ हुई।

भक्तों ने गंगा तट पर भक्ति गीतों और जय श्री राम के जयकारों के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया। यह शोभा यात्रा अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और पंचगंगा घाट होते हुए पुनः सोमेश्वर घाट लौटी, जहां गंगा माता का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात भगवान रामचंद्र जी को पुनः आश्रम स्थित राम मंदिर में विधिवत विराजमान कराया गया।

पूरे मार्ग में सैकड़ों की संख्या में राम भक्त और स्थानीय नागरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभा यात्रा में शामिल रहे। भक्तों द्वारा लगाए जा रहे जय श्री राम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

इस आयोजन में आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी वी. वी. सुंदर शास्त्री उलिमिरि सोमैयाजुलू, पैरा राजू, राजू यादव और एन. रामचंद्र मूर्ति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आश्रम के मैनेजर वी. वी. सीताराम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *