वाराणसी के कबीरचौरा में हुई वारदात चेन स्नैचिंग का पुलिस ने किया खुलासा, सीसीटीवी, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

वाराणसी। कबीरचौरा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन छीनने की घटना का थाना कोतवाली पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का एक टुकड़ा, 2200 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अपराध नियंत्रण, चोरी और लूट की घटनाओं के अनावरण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस की मदद ली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर गुरुवार को मछोदरी पार्क के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संतोष कुमार (24 वर्ष) पुत्र तिलो मंडल तथा रोशन कुमार (24 वर्ष) पुत्र रामचंद्र मंडल निवासी ग्राम दीरा चांदपुर, थाना पोठिया, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जानकारी जुटा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब छह से सात दिन पहले उन्होंने कबीरचौरा अस्पताल के पास एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया था। महिला के गले से सोने की चेन छीनने के दौरान विरोध होने पर धक्का-मुक्की और छीना-झपटी हुई। इस दौरान पूरी चेन उनके हाथ नहीं लग सकी और उसका केवल एक हिस्सा ही टूटकर उनके कब्जे में आया, जबकि बाकी हिस्सा महिला के पास रह गया।

2 आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उन्होंने चेन के टूटे हुए हिस्से में से लगभग तीन से चार अंगुल लंबा टुकड़ा रास्ते में मिले एक अज्ञात व्यक्ति को तीन हजार रुपये में बेच दिया था। बिक्री से मिली रकम दोनों ने आपस में बराबर बांट ली और अधिकांश रुपये खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं, जिसे उसी बिक्री की बची हुई राशि बताया गया है।

चोरों का सम बरामद

बरामदगी के दौरान पुलिस ने लगभग तीन अंगुल लंबा पीली धातु की चेन का टुकड़ा, 2200 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त काले रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल, जिसे सीज कर दिया गया है, तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया। बरामद सामान को विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में थाना कोतवाली में 1 अगस्त 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 धारा 309(6) एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

वाराणसी में बुजुर्ग महिला के चेन चोरी करने वाले गिरफ्तार

इस पूरे मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, चौकी प्रभारी सप्तसागर प्रीति कुमारी, चौकी प्रभारी कबीरचौरा प्रशांत गुप्ता, चौकी प्रभारी कालभैरव अभय नारायण सिंह, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी सिंह सहित थाना कोतवाली की पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि शहर में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *