गाजीपुर: वाराणसी स्थित उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज में शुक्रवार को हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे पूर्वांचल को झकझोर कर रख दिया। गाजीपुर जनपद के दुबैठा गांव निवासी बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (20) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र मंजीत चौहान ने अपने साथी अनुज के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। घटना के दिन प्रिंसिपल द्वारा समझाने के बाद जैसे ही दोनों छात्र बाहर निकले, आर्ट्स फैकल्टी के पास आरोपियों ने सूर्य प्रताप को घेर लिया और ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कॉलेज परिसर में बवाल, बाजार बंद कर छात्रों का प्रदर्शन
घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित छात्रों ने आरोपी की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद भोजूबीर बाजार बंद कराकर छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
वाराणसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथी अनुज की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इकलौते बेटे की मौत से टूट गया परिवार
मृतक सूर्य प्रताप सिंह एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता था। उसके पिता ऋषि देव सिंह वाराणसी के एक विद्यालय में वाहन चालक हैं, जबकि मां किरण सिंह वार्डन रह चुकी हैं। सूर्य प्रताप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था। हाल ही में वह होली पर अपने गांव गया था, लेकिन यह उसकी आखिरी होली साबित हुई।
MLC विशाल सिंह चंचल ने दी आर्थिक सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही एमएलसी विशाल सिंह चंचल मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने अपनी ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा भी मौजूद रहे।
MLC ने कहा कि इस जघन्य हत्या के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
क्षेत्र में शोक की लहर
इस हृदयविदारक घटना के बाद दुबैठा गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक मां ने अपना इकलौता बेटा खो दिया, वहीं एक पिता की बुढ़ापे की लाठी छिन गई। गांव और शहर दोनों जगह सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
