रिपोर्ट – पवन आजाद

वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत स्थित तिलभाण्डेश्वर पार्क में लगी लगभग 10 सोलर लाइटें पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं, जिससे पार्क और आसपास का क्षेत्र रात के समय अंधेरे में डूबा रहता है। इन सोलर लाइटों को इस उद्देश्य से लगाया गया था कि वे दिनभर सूर्य की रोशनी से चार्ज होकर रात में पार्क और आसपास के इलाके को रोशन करें, लेकिन वर्तमान में सभी लाइटें निष्क्रिय अवस्था में खड़ी हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्क में लगी सभी सोलर लाइटों के सोलर पैनल और बैटरियां गायब हो चुकी हैं, जिसके कारण वे केवल खंभे के रूप में जड़ अवस्था में खड़ी हैं और कोई प्रकाश नहीं दे पा रही हैं। लोगों का कहना है कि इन लाइटों की स्थापना लगभग 10 वर्ष पहले की गई थी, लेकिन समय-समय पर रखरखाव और निगरानी के अभाव में अब यह पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं।

इतना ही नहीं, पार्क के बीचो-बीच स्थापित हाई मास्ट लाइट भी केवल एक खंभा बनकर रह गई है। उसमें न तो विद्युत तार मौजूद है और न ही बल्ब, जिसके कारण वह भी उपयोग के लायक नहीं है। यदि यह हाई मास्ट लाइट सही स्थिति में होती, तो पूरे पार्क क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी मिल सकती थी।

तिलहनेश्वर पार्क के आसपास हजारों की आबादी निवास करती है और बड़ी संख्या में बच्चे प्रतिदिन यहां खेलते हैं। लेकिन रात के समय प्रकाश की कोई व्यवस्था न होने के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पार्क में लगी सोलर लाइटों और हाई मास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया जाए, ताकि क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *