रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन उत्तर प्रदेश (पेंशन प्रकोष्ठ) पूर्वांचल का 12वां वार्षिक महाधिवेशन रविवार, 5 अप्रैल 2026 को महमूरगंज स्थित शगुन लॉन में अति हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। महाधिवेशन दो सत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियरों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।

महाधिवेशन के प्रथम सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि निदेशक (वाणिज्य) शिशिर कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर संगठन के केंद्रीय उपमहासचिव ई. दीपक गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्घाटन सत्र में पेंशन प्रकोष्ठ पूर्वांचल के महासचिव ई. अवधेश मिश्र ने संगठन की ओर से 26 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विभिन्न जनपदों से पधारे सेवानिवृत्त वरिष्ठ सदस्यों के उत्साह और सक्रियता की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्तुत मांग पत्र को संस्तुति के साथ अग्रसारित किया जाएगा तथा जिन समस्याओं का समाधान उनके स्तर से संभव होगा, उनका शीघ्र निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।

सभा में उपस्थित वरिष्ठजनों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए पेंशन प्रकोष्ठ के संरक्षकद्वय ई. शिव लखन राम गुप्ता एवं ई. आर.के. पाण्डेय ने कहा कि संगठन के नए सदस्यों का मार्गदर्शन वरिष्ठ सेवानिवृत्त साथियों द्वारा समय-समय पर किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने संगठन के युवा साथियों से अपील की कि वे वरिष्ठों के सुख-दुख की चिंता करें और संगठन की एकता को मजबूत बनाए रखें।

 

संरक्षकद्वय ने सरकार एवं प्रबंधन से पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड तथा दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड सहित ऊर्जा क्षेत्र के किसी भी निगम के निजीकरण के निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में आवश्यक सुधार कर विभाग के घाटे को कम करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकती हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों, अधिकारियों और जूनियर इंजीनियरों को मिलने वाली एलएमवी-10 सुविधा को यथावत बनाए रखने तथा सभी कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को समय की आवश्यकता बताया।

महाधिवेशन के द्वितीय सत्र में संगठनात्मक चर्चा आयोजित की गई, जिसमें अंचल महासचिव द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन, वित्त सचिव द्वारा वित्तीय रिपोर्ट तथा लेखा निरीक्षक द्वारा लेखा परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए अंचल कार्यकारिणी का गठन किया गया।

नवगठित कार्यकारिणी में ई. शिव लखन राम गुप्ता एवं ई. आर.के. पाण्डेय को संरक्षक, ई. आई.पी. सिंह को अध्यक्ष, ई. वी.डी. यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ई. एस.डी. सिंह को उपाध्यक्ष, ई. अवधेश मिश्र को महासचिव, ई. राजेन्द्र सिंह को प्रचार सचिव, ई. सुदामा तिवारी को वित्त सचिव, ई. झूरी राम पाल को सह प्रचार सचिव तथा ई. अनिल कुमार सिंह को लेखा निरीक्षक पद पर निर्विरोध चुना गया।

इस अवसर पर विद्युत मजदूर संघ के नेता ए.पी. शुक्ला, अभियंता संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष ई. विजय सिंह, विद्युत मजदूर पंचायत के प्रदेश महामंत्री आर.बी. सिंह, प्रदेश मंत्री ई. ओ.पी. सिंह, एस.डी. मिश्रा, ए.के. श्रीवास्तव, एन.पी. सिंह, राजेश्वर पाण्डेय, ई. माया शंकर तिवारी, शशि किरण मौर्य, अरुण सिंह, ई. पुष्कर उपाध्याय, ई. सर्वेश कुमार, ई. सतीश बिन्द, ई. लाल ब्रत, ई. मनीष राय, ई. राजकुमार, ई. वेद प्रकाश तिवारी सहित अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए।

महाधिवेशन की अध्यक्षता ई. इन्द्रपाल सिंह ने की तथा संचालन महासचिव ई. अवधेश मिश्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष ई. इन्द्रपाल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *