Oplus_131072

रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव में बीती रात एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि दबंग आधी रात को घर में घुसे और युवक को खींचकर बाहर ले गए, जहां उसे लात-घूंसों से इतना पीटा गया कि उसकी हालत गंभीर हो गई।

मृतक की पहचान सानू अली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हमलावर उसे गांव के बाहर ले गए और तब तक पीटते रहे जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। पीछा करते हुए परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले गए। गंभीर हालत में सानू अली को हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों का आरोप है कि सानू अली ने कुछ दिन पहले पुलिस को कथित गौतस्करों के बारे में जानकारी दी थी। इसी रंजिश में आरोपियों ने पहले धमकी दी और फिर वारदात को अंजाम दिया। मृतक के ताऊ अख्तर अली ने बताया कि गांव के बबलू और उसके साथियों पर हत्या का शक है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रात में सूचना देने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।

वहीं, रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामला मोबाइल चोरी के विवाद से जुड़ा है, जिसमें मारपीट हुई थी। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *