वाराणसी : शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से वाराणसी मंडल से कांग्रेस से MLC पद के प्रत्याशी संजय राय प्रियदर्शी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। पत्र में शिक्षकों के मुद्दे को उठाया है। इस दौरान उन्होंने मांग कि है कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत कार्यरत दम्पति शिक्षकों को अंतर्जनपदीय स्थानांतरण नीति में संशोधन की जाएं
संजय राय प्रियदर्शी ने बताया कि उन्होंने शिक्षकों से बात की तो उनका कहना है कि वे वर्षों से अलग-अलग जनपदों में कार्यरत हैं, जबकि उनके जीवनसाथी अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में तैनात हैं। इस कारण पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है और मानसिक तनाव के साथ सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों ने बताया कि शासन द्वारा दम्पति शिक्षकों को एक ही जनपद में तैनाती देने के निर्देश तो जारी किए गए हैं, लेकिन स्पष्ट और स्थायी नीति के अभाव में इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विशेष रूप से, पिछले शासनादेश में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत जीवनसाथी को आधार बनाकर मिलने वाले 10 अंकों के वेटेज से वंचित किए जाने के कारण कई शिक्षकों का स्थानांतरण नहीं हो सका।
दम्पति शिक्षकों ने मांग की है कि एक सरल, पारदर्शी और प्रभावी स्थानांतरण नीति जल्द लागू की जाए, जिसमें आवेदन के आधार पर उन्हें अपने जीवनसाथी के जनपद में तैनाती का अवसर मिले। साथ ही, इस बार की नीति में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत जीवनसाथी वाले शिक्षकों को भी वेटेज का लाभ दिया जाए, ताकि वर्षों से अलग रह रहे परिवार एक साथ रह सकें और शिक्षक बेहतर ढंग से शैक्षणिक कार्य कर सकें।
