रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी स्थित पद्मश्री चौराहे के पास रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा घर के बाहर खड़ी बाइक का चालान करने की कोशिश की गई। इस कार्रवाई से नाराज स्थानीय बस्ती के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध जताने लगे। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पद्मश्री चौराहे के समीप स्थित मलिन बस्ती में रहने वाले एक युवक की बाइक उसके घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान चौराहे पर ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वाहन का नंबर मोबाइल कैमरे से फोटो खींचकर चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी।
घर के बाहर खड़ी गाड़ी का चालान किए जाने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग, विशेषकर महिलाएं और पुरुष, मौके पर एकत्र हो गए और ट्रैफिक कर्मी की कार्रवाई का विरोध करने लगे। लोगों का कहना था कि वाहन उनके घर के बाहर खड़ा था और किसी प्रकार से यातायात बाधित नहीं कर रहा था, ऐसे में चालान करना उचित नहीं है।
स्थिति को बढ़ता देख ट्रैफिक कर्मी वहां से हट गए और मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (टीएसआई) ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि खड़ी गाड़ी का चालान नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
