रिपोर्ट – पवन आजाद 

वाराणसी। जिले के सेवापुरी विकास खंड क्षेत्र के भीषमपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय सेवापुरी में शुक्रवार को मिथिला की प्रसिद्ध लोकचित्रकला ‘मधुबनी’ पर आधारित एक दिवसीय पेंटिंग प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मधुबनी कला की बारीकियों को सीखा और अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मधुबनी पेंटिंग विशेषज्ञ, फैशन टेक्नोलॉजी संकाय,इलाहाबाद विश्वविद्यालय की डॉ.सृष्टि पुरवार तथा बसंत कन्या महाविद्यालय की प्रो.संगीता देवडिया ने शिविरार्थियों को मधुबनी चित्रकला की विशेषताओं, पारंपरिक रंगों, प्रतीकों और रेखांकन शैली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह कला केवल चित्रांकन नहीं, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति और परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है।

कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने कार्ड,कपड़े पर पेंटिंग,बैग,थैला, रूमाल आदि पर मधुबनी शैली में सुंदर कलाकृतियां तैयार कीं। प्रतिभागियों की रचनात्मकता और उत्साह देखने लायक रहा।

प्रो.संगीता देवडिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मधुबनी पेंटिंग जैसी पारंपरिक कला को अपनाकर वे न केवल विलुप्त होती भारतीय संस्कृति और कला का संरक्षण कर सकती हैं,बल्कि स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित कर आत्म निर्भर बन सकती हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुधा पांडेय के संरक्षण एवं डॉ. सुधा तिवारी (गृहविज्ञान विभाग) के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.साधना अग्रवाल (डीएलडब्ल्यू, वाराणसी) ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाएं छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और कौशल संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो.राम कृष्ण गौतम,प्रो. सत्यनारायण वर्मा, प्रो.अर्चना गुप्ता, डॉ.सर्वेश कुमार सिंह,डॉ.कमलेश कुमार सिंह,डॉ. सौरभ सिंह,डॉ. सुष्मिता,श्रीमती प्रिया मिश्रा,राम किंकर सिंह, रामायण विश्वकर्मा, दयाराम यादव एवं मिट्ठू राम सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यशाला में महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं,जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायी साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *