रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। एसटीएफ, उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बड़ागांव में दर्ज हत्या व अन्य गंभीर धाराओं के मुकदमे में वांछित 50,000 रुपये के इनामी शातिर अपराधी दीपक यादव उर्फ कन्हैया उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को 1 अप्रैल 2026 को थाना चोलापुर क्षेत्र के जमुनीपुर गांव के पास से दबोचा गया।
एसटीएफ वाराणसी इकाई को सूचना मिली थी कि आरोपी वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में छिपकर रह रहा है। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 25 दिसंबर 2025 को बड़ागांव क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल था। मामूली विवाद के बाद हुई इस घटना में बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी थी, जिसमें समीर सिंह की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। इस मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दीपक यादव फरार चल रहा था।
आरोपी के खिलाफ चौबेपुर थाने में पहले से मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना बड़ागांव में दाखिल कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
