वाराणसी। दुर्गाकुंड क्षेत्र के कबीर नगर रोड स्थित एनआईओएस एक्सिस एकेडमी में कक्षा 12 के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों, मीडिया प्रतिनिधियों और शहर के कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
संस्थान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस वर्ष भी एकेडमी का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा में विकास ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। साजन कुमार साहू ने 93.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा तथा विवेक सिंह ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

टॉप-10 सूची में विजय पटेल ने 92.2 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं ऋषभ पांडे ने 92.2 प्रतिशत, आर्य सिंह ने 92 प्रतिशत, अजय सैनी ने 91.8 प्रतिशत तथा मनीष यादव और आर्यन सिंह ने 91.6 प्रतिशत अंकों के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में अपनी जगह बनाई। संस्थान ने बताया कि अधिकांश विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर एकेडमी का गौरव बढ़ाया है।

समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक सत्यानंद यादव ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। इसी सोच के साथ छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकें।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूरी लगन से तैयारी करने की सलाह दी। अभिभावकों ने भी संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन की सराहना की।
इस सम्मान समारोह में शहर के वरिष्ठ मीडिया कर्मी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, संस्थान के शिक्षकगण, अभिभावक एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और सभी के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
