सुसुवाही स्थित नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल में शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों के लिए शिक्षक दिवस सम्मान समारोह का आयोजन, गीत-संगीत और मनोरंजक खेलों ने बांधा समां
वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। शिक्षक दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में गीत, संगीत, नाटक और गुरु वंदना सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं विद्यालय के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय तथा वरिष्ठ और कनिष्ठ समन्वयकों ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। छात्रा वैष्णवी ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल शिक्षक दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने गीत, संगीत और नाटक के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और शिक्षकों का मन मोह लिया।

इस दौरान शिक्षक धर्मराज पटेल और शिक्षिका यश सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षक-विद्यार्थी संबंध और शिक्षा के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा भी प्रदान करते हैं।

शिक्षकों और कर्मचारियों का हुआ सम्मान
समारोह में विद्यालय के सभी शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन ने कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार राय ने कहा कि शिक्षक सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और विचारों को शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की मजबूत नींव हैं और उनके योगदान से ही एक शिक्षित एवं संस्कारित समाज का निर्माण होता है।

खेल गतिविधियों में शिक्षकों ने लिया हिस्सा
शिक्षक दिवस 2026 को खास बनाने के लिए विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। शिक्षकों ने उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।

अंत में कनिष्ठ समन्वयक असीम कुमार घोषाल ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नवनीता कुँवर पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
