रिपोर्ट – पवन आजाद
वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र के कंदवा स्थित पोखरे में किसी व्यक्ति के डूबने की सूचना मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाने के इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।

प्रारंभिक जानकारी में जिस व्यक्ति के डूबने की आशंका जताई जा रही थी, वह अपने घर पर सुरक्षित पाया गया है। इसके बावजूद पोखरे में किसी अन्य व्यक्ति के डूबने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा सतर्कता बरती जा रही है।
मंडुआडीह इंस्पेक्टर के निर्देश पर गोताखोरों को बुलाकर पोखरे में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वास्तव में कोई व्यक्ति पोखरे में डूबा है या नहीं।
डूबने की सूचना फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पोखरे के पास पहुंच गए, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।
